October 6, 2024

हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि आगे हरियाणा विधानसभा चुनाव में हमने विकास के दम चुनाव लड़ना है। हमने बीते दस सालों में छावनी विधानसभा में कई विकास कार्य किए है और विपक्षी दल काम कराने के मामले में इसके आसपास भी नहीं है।

श्री विज आज शाम बीपीएस प्लेनेटोरियम में भाजपा के कार्यकर्ता महा सम्मेलन में बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय हमारा शहर विकास को रोता रहा और पैसा अन्य शहरों में लगता रहा।

उन्होंने पिछले चुनाव में कहा था कि उन्हें मौका मिला तो वह सूद समेत सरकार से पैसा वसूल करेंगे और आज छावनी को उसका हक दिलाते हुए उन्होंने ढेरों विकास कार्य करवाए।

पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा में चुनाव आने वाले है और कार्यकर्ता पूरी तरह से तैयार हो जाए। छावनी की जनता ने उन्हें छह बार चुनाव जितवाया और पार्टी चाहती है कि वह अम्बाला के साथ-साथ बाकि हरियाणा में भी कार्य करें। मगर, वह बाहर तभी जा सकते है जब कार्यकर्ता उन्हें पूरा समर्थन देंगे। चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी मेहनत करनी है।

उन्होंने मंच से ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अम्बाला छावनी से उन्होंने गुंडागर्दी समाप्त की और बीते दस सालों में एक भी कब्जा नहीं होने दिया। कांग्रेस के समय पहले यहां कब्जे होते थे और कब्जा इंडस्ट्री चलती थी। उन्होंने आते ही इस कब्जा इंडस्ट्री को उखाड़कर फेंका है।

इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री अनिल विज का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। श्री विज ने इस दौरान लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा मतों जीते बूथों के प्रधान, वार्ड प्रधान व शक्ति केंद्र प्रमुखों को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता जसबीर सिंह जस्सी, राजीव गुप्ता डिम्पल, किरणपाल चौहान, विजेंद्र चौहान, ओम सहगल, बीएस बिंद्रा, संजीव सोनी, राम बाबू यादव, नरेंद्र राणा, श्याम सुंदर अरोड़ा, फकीरचंद सैनी, सुरेंद्र बिंद्रा, अजय बवेजा, सुरेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लोकसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं ने पार्टी को अम्बाला छावनी में विजयी बनाया जोकि बधाई के हकदार : अनिल विज

पूर्व मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि इस लोकसभा चुनाव में हमारे मन मुताबिक नतीजे नहीं निकल सके। पूरे अम्बाला जिला में विपरीत माहौल में भी कार्यकर्ताओं ने उस हवा को रोककर अम्बाला छावनी से भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाया इसके लिए वह सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते है जिन्होंने चुनाव में डटकर कार्य किया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने झूठ के सहारे चुनाव लड़ा और जो मुद्दे उठाए उनका स्थान नहीं था। विपक्ष ने प्रजातंत्र के पवित्र ग्रंथ संविधान को हाथ में लेकर सारे देश में प्रचार किया कि भाजपा संविधान को बदलना चाहती है।

यह प्रचार सच्चाई से दूर था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को तो संविधान हाथ में लेने व बात करने का अधिकार नहीं है क्योंकि संविधान को सबसे ज्यादा कांग्रेस ने रौंदा है।

1975 में इंदिरा गांधी ने सारे मौलिक अधिकारों को खत्म करके देश में इमरजेंसी लगाई। कांग्रेस को संविधान के बारे में बात करने का कोई अधिकार नहीं है और संविधान का नाम लेने से पहले राहुल गांधी को अपने खानदान का इतिहास जान लेना चाहिए जिन्होंने संविधान के साथ खिलवाड़ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *