July 4, 2024
अवैध कार्यों में लिप्त नरेश वर्मा उर्फ काला कबाड़ी द्वारा बनाई नौ संपत्तियों को नगर निगम की टीम ने ढाई दिन में ध्वस्त कर दिया। लगातार चली निगम की कार्रवाई के दौरान काला कबाड़ी की बड़ी बड़ी बिल्डिंगों को निगम ने कबाड़ कर दिया।
निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर एटीपी एवं निगम अभियंता कुलदीप यादव के नेतृत्व में बनी टीम ने सोमवार से शुरू की कार्रवाई को बुधवार दोपहर 12 बजे तक पूरा कर लिया। आरोपी काला कबाड़ी ने अधिकतर संपत्तियां व्यावसायिक कार्यों के लिए अवैध रूप से बनाई हुई थी। नगर निगम ने इस बारे आरोपी काला कबाड़ी को कई बार नोटिस जारी किया था।
जवाब न देने पर उसकी संपत्तियों को नष्ट करने का भी अंतिम नोटिस जारी किया गया। जिसके बाद पुलिस प्रशासन की मदद से निगम द्वारा जेसीबी व बुल्डोजर की मदद से इन संपत्तियों को ढहाया गया। बता दें कि आरोपी नरेश वर्मा उर्फ काला कबाड़ी पर उसकी पत्नी ने फायरिंग करने व मारपीट करने का आरोप लगाया था।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी काला कबाड़ी पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था। जिसमें बाद काला कबाड़ी के अवैध धंधे का खुलासा हुआ था। आरोपी काला कबाड़ी उर्फ नरेश वर्मा व उसके भाई सोनू फायरिंग करने के साथ-साथ अवैध वसूली व अवैध रूप से हथियार रखने के मामले में जेल में है।
कुछ दिन पहले नगर निगम ने उसकी अवैध संपत्ति पर नोटिस चस्पा दिए थे। इन नोटिसों के बाद संपत्ति ढहाने का नोटिस दिया गया था। अब नगर निगम द्वारा उसकी संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *