September 20, 2024

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि करनाल लोकसभा आम चुनाव व करनाल विधानसभा उप चुनाव कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। लोकसभा व करनाल विधानसभा उप चुनाव को लेकर मतदाताओं खासकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

शनिवार को करनाल लोकसभा आम चुनाव व करनाल विधानसभा उप चुनाव में मतदाताओं विशेषकर युवा मतदाताओं मेें बहुत ही गजब का उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही लंबी कतारों के बीच बुजुर्गों, युवाओं, दिव्यांगजनों और महिलाओं ने प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करते हुए वोटिंग की। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि करनाल के सभी 5 विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ।

जिला प्रशासन चुनाव घोषणा के साथ ही मतदाता जागरुकता अभियान निरंतर चलाए हुए था। इस अभियान में सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग, विभिन्न सामाजिक व व्यावसायिक संस्थाओं, सामाजिक संगठनों के साथ-साथ लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करने के लिए मीडिया का भी सराहनीय योगदान रहा।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट एप पर दिखाए गए आंकड़ों के अनुसार करनाल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 57.8 प्रतिशत, असंध विधानसभा क्षेत्र में लगभग 58.6 प्रतिशत, नीलोखेड़ी विधानसभा क्षेत्र में 61.2 प्रतिशत, इंद्री विधानसभा क्षेत्र में लगभग 68.1 प्रतिशत, घरौंडा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 65.9 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। इस प्रकार करनाल लोकसभा में लगभग 61 प्रतिशत मतदान हुआ।

जिला करनाल की सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के साथ-साथ समूचे संसदीय क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जिला प्रशासन द्वारा शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चाक-चैबंद कर दी गई थी। उड़नदस्ते, पैट्रोलिंग पार्टियां, माइक्रो आॅब्जर्वर सहित पूरे संसदीय क्षेत्र में सामान्य ऑब्जर्वर तथा एक्सपैंडिचर ऑब्जर्वर पूरी व्यवस्था पर नजर रखे हुए थे।

प्रशासन ने करनाल जिले में 11 लाख 96 हजार 243 मतदाताओं की सुविधा के लिए 1151 बूथ बनाए। इन बूथों पर सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए। प्रशासन की तरफ से पुलिस व अन्य फोर्स की नियुक्ति की गई।

प्रशासन द्वारा सभी बूथों पर पल-पल मतदाताओं द्वारा किए जा रहे मतों की संख्या जानने के लिए करनाल के लघु सचिवालय के सभागार में कंट्रोल रुम स्थापित किया गया था। जहां से हरियाणा निर्वाचन कार्यालय को पल-पल की सूचना भेजी जा रही थी। बकायदा प्रशासनिक अधिकारी भी इस कंट्रोल रुम में वेबकास्टिंग के माध्यम से हर बूथ की गतिविधि पर नजर रखे हुए थे।

1151 बथों की कमान रही 6366 अधिकारियों व कर्मचारियों के हाथों में
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी उत्तम सिंह ने कहा कि लोकसभा व करनाल विधानसभा उपचुनाव को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए 1151 बूथों पर 6366 अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

इनमें 995 महिला अधिकारी व कर्मचारी शामिल रही। इन बूथों के लिए 1393 प्रेजाइडिंग ऑफिसर (5 महिला अधिकारी), 1395 एपीओ (5 महिला अधिकारी), 3130 पोलिंग ऑफिसर जिनमें 899 महिला पोलिंग ऑफिसर शामिल रहे। इसके अलावा 448 माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटी लगाई गई थी, इनमें 86 महिला अधिकारी भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *