September 20, 2024
नगर निगम की अनुमति बिना विभिन्न राजनीतिक पार्टियों व अन्य संस्थाओं द्वारा शहर में लगाए अवैध होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड व बैनरों को निगम की टीम ने हटवाया। निगम की टीम ने शहर के मॉडल टाउन, गोविंदपुरी रोड, शहीद भगत सिंह चौक, महाराणा प्रताप चौक, रेलवे रोड, जगाधरी अनाज मंडी, लघु सचिवालय रोड, जगाधरी रोड समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से लगाए गए होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड, पोस्टर व बैनरों को हटाया।
कुछ राजनीतिक पार्टियों ने यह होर्डिंग व बैनर निगम की अनुमति के बिना लगाए हुए थे। जबकि निगम ने प्रचार प्रसार के लिए कुछ स्थान निर्धारित किए हुए है। कोई भी राजनीतिक पार्टी, व्यावसायिक संस्थान व अन्य संस्थाएं फीस देकर निर्धारित स्थानों पर अपने फ्लेक्स व होर्डिंग लगवा सकते है।
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग और फ्लेक्स बोर्ड हटाने के लिए सहायक अभियंता राजेश शर्मा के नेतृत्व में कनिष्ठ अभियंता पंकज कांबोज व अन्य निगम कर्मचारियों की टीम बनाई हुई है। कुछ दिन पहले निगम द्वारा शहर में अवैध रूप से लगे होर्डिंग व फ्लेक्स बोर्ड हटाए थे।
लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते शहर में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों द्वारा जगह जगह अपने प्रचार के लिए होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड व बैनर लगा दिए थे। बुधवार को निगम की टीम ने रेलवे रोड, जगाधरी अनाज मंडी, लघु सचिवालय रोड, मॉडल टाउन, गोविंदपुरी रोड, शहीद भगत सिंह चौक, जगाधरी रोड समेत विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए राजनीतिक पार्टियों व अन्य संस्थाओं के बोर्ड हटा दिए।
निगम की टीम सबसे पहले लघु सचिवालय रोड पर पहुंची। यहां लघु सचिवालय रोड, अनाज मंडी व अन्य स्थानों पर काफी संख्या में राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग व फ्लेक्स लगे हुए थे। जिन्हें निगम की टीम ने हटाया। इसी दौरान ने मॉडल टाउन में कई जगहों से फ्लेक्स बोर्ड व बैनर हटाए। इसी तरह शहीद भगत सिंह चौक, रेलवे रोड, वर्कशॉप रोड समेत कई स्थानों से होर्डिंग, फ्लेक्स बोर्ड, पोस्टर व बैनर हटाए।
निगम कर्मियों ने इन होर्डिंग व बैनरों को उतारकर निगम के वाहनों में लोड कर गोदाम में पहुंचाया। उप निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव व सहायक अभियंता राजेश शर्मा ने कहा कि कुछ राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने प्रत्याशी के प्रचार के लिए बिना नगर निगम की अनुमति से शहर में अवैध रूप से होर्डिंग व फ्लेक्स बोर्ड लगाए हुए थे। निगमायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर इन अवैध होर्डिंग, पोस्टर व बैनर को हटाया गया।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की अनुमति के बिना कोई भी होर्डिंग और बैनर न लगाए। बिना अनुमति लगाए गए होर्डिंग व फ्लेक्स बोर्ड को हटाकर जब्त कर लिया जाएगा। निगम द्वारा होर्डिंग व फ्लेक्स लगाने के लिए कुछ स्थान निर्धारित किए गए है। यदि किसी को अपने प्रचार के लिए होर्डिंग लगाने है तो निर्धारित फीस जमा कर निर्धारित स्थानों पर होर्डिंग लगा सकते है। होर्डिंग लगाने के लिए इच्छुक व्यक्ति नगर निगम कार्यालय में संपर्क कर सकते है। शहर को सुंदर बनाने में सभी सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *