
दादरी शहर के वार्ड-16 स्थित एक मकान में लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाले एक व्यक्ति ने चुन्नी से गला दबाकर प्रेमिका की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी संदीप खुद चलकर सिटी पुलिस थाने पहुंचा और अपने जुर्म का इकरार किया।
इसके बाद पुलिस उसे लेकर मकान पर पहुंची तो वहां फर्श पर उसकी प्रेमिका सरोज का शव पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया वहीं पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि मृतका सुदेश (35) मूलरूप से दादरी के गांव कलियाणा की रहने वाली थी। उसकी शादी बादशाहपुर हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पति से अनबन होने के कारण वह पिछले करीब आठ माह से बलकरा गांव निवासी संदीप के साथ दादरी के वार्ड-16 स्थित एक किराये के मकान में रह रही थी। संदीप पेशे से चालक है और शुक्रवार शाम ही वो घर आया था।
शनिवार सुबह दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और इसके बाद संदीप ने सरोज की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और फर्श पर ही शव को छोड़कर सिटी थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि उसने सरोज की हत्या कर दी है और किराये के मकान में रसोई घर के सामने पड़ा है।