April 10, 2025
gov

हरियाणा बाल कल्याण परिषद के अध्यक्ष एवं महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राज्य स्तरीय हरियाली तीज अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सभी को इस पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि यह पावन पर्व हम सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शान्ति, समृद्धि, खुशहाली एवं प्रगति लेकर आए।

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से यमुनानगर के सुखमणि रिजॉर्ट में राज्य स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया गया। इस पर्व पर हरियाणा भर से विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इससे पहले महामहिम राज्यपाल ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

राज्यपाल ने आरपीएस पब्लिक स्कूल धारूहेड़ा की छात्राओं द्वारा हनुमान चालीसा पर आधारित प्रस्तुति पर छात्राओं को बधाई दी और इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया। महामहिम राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

महामहिम राज्यपाल ने कहा कि मनुष्य के जीवन में जोश, उल्लास एवं उत्साह पैदा करने में उत्सवों और त्यौहारों का अहम महत्व होता है। यह तीज त्यौहार हमारे जीवन में प्यार-मोहब्बत, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे के रंग भरते है और यह हमारे देश की महान प्राचीन सभ्यता, संस्कृति एवं परम्पराओं के परिचायक हैैं।

भारतवर्ष में विभिन्न ऋतुओं, मौसमों, संस्कृति व धर्मों से जुड़े अनेकों पर्व, उत्सव व त्यौहार बेहद ही हर्षोल्लास के साथ मिलजुल कर मनाए जाते हैं। इसी कारण से हमारी भारतीय संस्कृति की विश्वभर में अपनी एक अलग पहचान है। उत्तर भारत में इस मास का तीज उत्सव एक बहुत ही महत्वपूर्ण त्यौहार है। भारतीय संस्कृति में हरियाली तीज का अपना एक महत्व है। हरियाली तीज का उत्सव श्रावण मास में शुक्ल पक्ष की तृतीया को मनाया जाता है।

हरियाली तीज के दिन सुहागन स्त्रियां हरे रंग के वस्त्र धारण कर श्रृंगार करके पूजा-अर्चना करती है। इसके पीछे धार्मिक कारणों के साथ-साथ वैज्ञानिक कारण भी सम्मिलित है। हरा रंग खुशहाली, सुख-शांति, समृद्धि और प्रगति का प्रतीक है।

हरियाणा सरकार द्वारा तीज त्योहारों व उत्सवों में और अधिक मिठास घोलने तथा भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न अवसरों पर कई आयोजन किए जाते है और ये उत्सव राज्य स्तर पर मनाएं जाते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *