- कल से दो दिन घने कोहरे का यलो अलर्ट, रात के तापमान में गिरावट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में नवंबर के आखिरी सप्ताह में सर्दी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के असर से राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
सर्दी बढ़ने का कारण उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं हैं। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों की तरफ हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं के चलते प्रदेश के 9 जिलों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस या इससे नीचे लुढ़क गया है।
राजस्थान से सटे महेंद्रगढ़ में तापमान 7.7 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर को प्रदेश के 5 उत्तरी जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।
जानिए दिनभर कैसा रहा मौसम…
दिन में धूप से राहत, हिसार सबसे गर्म
रात में जहां ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन में खिल रही धूप लोगों को राहत दे रही है। राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी हुई है। हिसार में दिन का पारा 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा सिरसा में 29.0 और भिवानी में 28.9 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ।
9 जिलों में 10 डिग्री तक पहुंचा पारा
मौसम विभाग के अनुसार महेंद्रगढ़ (7.7°C) के बाद हिसार के बालसमंद में न्यूनतम तापमान 8.8°C, करनाल के इंद्री और रेवाड़ी के बावल में 8.9°C दर्ज किया गया। इसके अलावा पंचकूला और यमुनानगर में 9.1°C, भिवानी में 9.7°C, अंबाला में 9.8°C और सिरसा में न्यूनतम तापमान 10.0°C रिकॉर्ड किया गया।
कल से उत्तरी जिलों में छाएगा घना कोहरा
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में 28 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है।
इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। हल्की से मध्यम गति से चलने वाली उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी जारी रहेगी। सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने के आसार हैं।
इन पांच जिलों में छाएगा कोहरा
वहीं, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 26 और 27 नवंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की चेतावनी (येलो अलर्ट) जारी की है। कोहरे के कारण सुबह के समय दृश्यता कम रहने से वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।