- दिन में गर्मी बरकरार, अक्टूबर में 165% ज्यादा हुई बारिश
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में नवंबर की शुरुआत के साथ ही रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी है। हालांकि दिन में अभी भी गर्मी का अहसास बना हुआ है।
मौसम विभाग के 2 नवंबर के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।
इससे साफ है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना हुआ है। सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बरकरार है।
न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 0.5 डिग्री गिरा है, लेकिन यह सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा।
दूसरी ओर अधिकतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद दिन का तापमान कई जिलों में 30 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश में फिलहाल बारिश दर्ज नहीं की गई।
रात में ठंड बढ़ी, नारनौल सबसे ठंडा
न्यूनतम तापमान के मामले में नारनौल 13.5 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। भिवानी में 14 डिग्री, फतेहाबाद में 14.9 डिग्री, हिसार और सिरसा में करीब 15 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री के बीच रहा। इससे रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।
5 जिलों में पारा 31 डिग्री पार
अधिकतम तापमान में हिसार 33.1 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा। चरखी दादरी में 32 डिग्री, भिवानी में 31.8 डिग्री, सिरसा में 31.8 डिग्री और फरीदाबाद में 31.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं रोहतक में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री रहा। पंचकूला में सबसे कम अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री दर्ज किया गया।
अक्टूबर में सामान्य से 165% अधिक वर्षा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 1 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक राज्य में औसतन 25.5 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य (9.6 मिमी) से 165% अधिक है। इसी तरह 23 से 29 अक्टूबर के दौरान राज्य में सामान्य 0.9 मिमी के मुकाबले 2.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 132% ज्यादा रही।