November 2, 2026
2oct12.jpg
  • खराब मिठाई मौके पर नष्ट कराई

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  दिवाली से पहले लोगों की सेहत से खिलवाड़ रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। पानीपत में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर नूरवाला में पूजा मॉडल स्कूल के पास मिठाई बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा।

यह फैक्ट्री किसी दुकान या व्यावसायिक परिसर के बजाय मकान के अंदर संचालित हो रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने खराब मिठाई नष्ट करवाई और अन्य मिठाइयों के नमूने लिए।

रसगुल्ले और गुलाब जामुन के सैंपल भरे

टीम ने फैक्ट्री में तैयार हो रही मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने के लिए रसगुल्ले और गुलाब जामुन के नमूने लिए। अधिकारियों ने मौके पर मिठाइयों की स्थिति का निरीक्षण किया। खराब पाई गई मिठाई को नष्ट करवाया गया। लिए गए नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

त्योहार को देखते हुए बढ़ाई जांच

टीम के अनुसार, मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग शहर में अलग-अलग स्थानों पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। मिठाई बनाने वाली फैक्ट्रियों और अन्य प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच करवाई जा रही है।

संदिग्ध मिठाई की सूचना देने की अपील

कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुंचे डॉ. वीरेंद्र यादव ने आमजन से अपील की कि यदि किसी मिठाई की दुकान, फैक्ट्री या अन्य प्रतिष्ठान पर मिलावट अथवा खराब खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने या बेचे जाने की आशंका हो तो इसकी सूचना स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा विभाग को दें। इससे समय रहते जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकेगी।