- सहीं मोबाइल नंबर रखना होगा अपडेट
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फैमिली आईडी से जुड़ा कोई अपडेट हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी लेने के लिए अब लोगों को बार-बार चेक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रदेश सरकार ने परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं के पूरा होने पर मोबाइल पर SMS भेजने की सुविधा शुरू की है। इसके तहत एनरोलमेंट आईडी बनने, फैमिली आईडी तैयार होने और परिवार में नया सदस्य जुड़ने पर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मैसेज आएगा। ऐसे में नागरिकों को फैमिली आईडी में दर्ज अपना मोबाइल नंबर सही और सक्रिय रखना होगा। सरकार की आगे पीपीपी से जुड़े अन्य अपडेट की सूचना भी SMS के माध्यम से देने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार यह पहल पीपीपी प्रणाली में पारदर्शिता, जनजागरूकता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। SMS अलर्ट मिलने से नागरिकों को अपने परिवार पहचान पत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी समय पर मिल सकेगी। इससे उन्हें यह जानने में भी आसानी होगी कि उनकी आईडी बनने की प्रक्रिया पूरी हुई है या परिवार के रिकॉर्ड में कोई नया सदस्य जोड़ा गया है। यह सुविधा प्रदेश में वीरवार से शुरू हो चुकी है।
यह बदलाव करने पर मिलेगाSMS अलर्ट
पीपीपी के लिए आवेदन की प्रक्रिया के दौरान जब किसी नागरिक की एनरोलमेंट आईडी बनाई जाएगी, तो संबंधित नागरिक के मोबाइल नंबर पर SMS भेजकर इसकी जानकारी दी जाएगी। इससे नागरिक को एनरोलमेंट आईडी बनने की पुष्टि मिल सकेगी। परिवार की फैमिली आईडी बनने पर संबंधित परिवार को SMS के माध्यम से सूचना मिलेगी। इससे परिवार को आईडी तैयार होने की जानकारी मिल सकेगी और प्रक्रिया पूरी होने को लेकर असमंजस कम होगा। यदि पीपीपी में किसी परिवार के साथ नया सदस्य जोड़ा जाता है, तो पंजीकृत मोबाइल नंबर पर SMS अलर्ट भेजा जाएगा। इससे परिवार को अपने रिकॉर्ड में हुए इस बदलाव की जानकारी समय पर मिल सकेगी।
फैमिली आईडी में जुड़ जाते थे गलत सदस्य
सरकार का मानना है कि प्रदेश के कई परिवार के आपस में मनमुटाव चलता रहता है। कई लोग बिना परिवार के मुखिया की अनुमति के फैमिली आईडी में अपना ऐड करवा देते थे। इसके अलावा कई बार गलती से फैमिली आईडी में गलत सदस्य जुड़ जाते थे। ऐसे में लोगों को फैमिली आईडी ठीक कराने में काफी समस्या आती थी। अगर अब फैमिली आईडी में कोई बदलाव होता है तो फैमिली आईडी में रजिस्ट्रर्ड मोबाईल नंबर पर इसका मैसेज आएगा।
पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया कदम
पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला ने कहा कि डिजिटल माध्यम से सूचना देने की यह व्यवस्था नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को बेहतर बनाएगी। पीपीपी से संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी सीधे मोबाइल पर मिलने से नागरिक सरकारी सेवाओं से जुड़ी गतिविधियों के प्रति अधिक जागरूक रह सकेंगे। इस पहल से परिवार पहचान पत्र प्रणाली को अधिक पारदर्शी, नागरिक हितैषी और जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे परिवार पहचान पत्र में दर्ज मोबाइल नंबर की जांच कर लें। नंबर सही होने के साथ सक्रिय भी होना चाहिए, ताकि एनरोलमेंट आईडी बनने, फैमिली आईडी तैयार होने या परिवार में नया सदस्य जुड़ने पर संबंधित SMS समय पर प्राप्त हो सके।