October 15, 2026
15 oct 6
  • व्यापार व निवेश बढ़ाने पर बनी सहमति

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और नए अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीडन के साथ शुरू की गई पहल को आगे बढ़ाना ही हरियाणा का मुख्य लक्ष्य है।

अब जानिए मुद्दे, जिन पर चर्चा हुई…

  • व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य: मुख्यमंत्री ने बताया कि मई 2025 में भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। इसके तहत आने वाले 5 वर्षों में दोनों देशों ने आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।
  • ड्राई पोर्ट्स पर सहयोग: हरियाणा में स्थित 18 ड्राई पोर्ट्स का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वीडन के साथ मिलकर इन ड्राई पोर्ट्स के विकास और संचालन पर काम करना चाहती है।
  • प्रमुख क्षेत्रों में साझेदारी: शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) और ऊर्जा के क्षेत्र में स्वीडन के साथ मिलकर आगे बढ़ने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में पहले से ही कई स्वीडिश कंपनियां सफलतापूर्वक कार्य कर रही हैं।

‘हैपनिंग हरियाणा’ का दिया न्योता

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडिश मंत्री बेंजामिन दौसा को ‘हैपनिंग हरियाणा’ समिट के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया। वहीं, स्वीडन के मंत्री बेंजामिन दौसा ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद व्यक्त करते हुए हरियाणा के साथ भविष्य की विभिन्न योजनाओं पर मिलकर काम करने पर सहमति जताई।