- जातीय समीकरण साधने की तैयारी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : गुरुग्राम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर पदों के लिए आज चुनाव हो रहा हैं। पिछले 17 महीनों से खाली पड़े इन दोनों महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए हाउस की बैठक बुलाई गई है। चुनाव की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं, वहीं भाजपा के भीतर भी इन पदों को लेकर घमासान मचा हुआ है।
चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से ठीक पहले भाजपा आलाकमान ने अपने सभी पार्षदों को पार्टी कार्यालय ‘गुरुकमल’ में तलब किया है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व का प्रयास है कि चुनाव से पहले ही उम्मीदवारों के नामों पर आम सहमति बना ली जाए, ताकि सदन के भीतर किसी भी तरह की गुटबाजी बाहर न आए। जातीय समीकरणों को साधने के लिए पार्टी रणनीति तैयार कर चुकी है।
इसके तहत एक पद अहीर यानि यादव समाज और दूसरा पद अनुसूचित जाति के खाते में जा सकता है। चुनाव के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में 15 सितंबर को होने वाली सुनवाई से ठीक एक दिन पहले, प्रशासन ने 14 सितंबर को सुबह 11 बजे हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में बैठक बुलाई है।
दो दिग्गजों के बीच सियासी खींचतान
भले ही पार्टी आलाकमान सहमति बनाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन धरातल पर मुकाबला बेहद कड़ा और दिलचस्प हो गया है। गुरुग्राम की राजनीति के दो बड़े चेहरों केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के खेमों के बीच अपने-अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को लेकर सियासी खींचतान चरम पर पहुंच गई है।
दोनों ही नेता इन महत्वपूर्ण पदों पर अपने वफादार पार्षदों को बैठाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। यदि दोनों खेमों में सर्वसम्मति नहीं बनती है, तो पार्टी व्हिप के बावजूद बैलेट पेपर से वोटिंग कराई जा सकती है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इस चुनाव में हंगामे और विवाद की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। नगर निगम कमिश्नर प्रदीप दहिया ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव के लिए बाकायदा रिटर्निंग ऑफिसर की नियुक्ति कर दी गई है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है और मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
इसलिए महत्वपूर्ण चुनाव
नगर निगम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद लंबे समय से खाली होने के कारण शहर के कई विकास कार्य और प्रशासनिक फैसले प्रभावित हो रहे थे। आज होने वाले चुनाव के बाद नगर निगम को नए पदाधिकारी मिलेंगे, जिससे स्थानीय विकास योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, इस चुनाव के नतीजे न केवल नगर निगम की दिशा तय करेंगे, बल्कि यह भी दिखाएंगे कि भाजपा के भीतर किस गुट का पलड़ा भारी रहता है। मतदान की प्रक्रिया दोपहर बाद शुरू होगी, जिसके तुरंत बाद नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।