November 3, 2026
4 AUG 1
  • 6 अगस्त तक मौसम खराब रहेगा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मंगलवार को अधिकतर जिलों में बारिश की संभावना है। सुबह अंबाला, नारनौल, रेवाड़ी और झज्जर में बारिश हुई। जींद में बूंदाबांदी हुई। कुरुक्षेत्र में मकान का लेंटर गिरने से दंपती की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद लेंटर काटकर दोनों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान करनैल सिंह (48) और उनकी पत्नी जसविंदर कौर () के रूप में हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने सुबह साढ़े 10 बजे तक पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र, रोहतक, भिवानी, रेवाड़ी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

IMD के अनुसार, मानसून फिर से सक्रिय हो गया है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से हरियाणा में 6 अगस्त तक प्रदेशभर में बारिश होने की संभावना है।

बारिश में दीवार ढही, लेंटर गिरने से दंपती की मौत

कुरुक्षेत्र के लाडवा क्षेत्र के गांव बड़ोंदी में सोमवार देर रात खेत में बने मकान की पिछली दीवार लगातार बारिश के कारण अचानक ढह गई। दीवार गिरते ही करीब 15×15 फीट का आरसीसी लेंटर उस कमरे पर भरभराकर गिर पड़ा, जहां करनैल सिंह और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर सो रहे थे। भारी लेंटर के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे का पता मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे चला, जब उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां कमरे की जगह सिर्फ मलबा नजर आया। इसके बाद उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया, जिन्होंने राहत कार्य शुरू किया।

21 जिलों में 7% से 68% कम बारिश

मानसून के दो माह बीत चुके हैं। अब तक 21 जिलों में 7% से लेकर 68% कम बारिश हुई है। सिर्फ फरीदाबाद व पलवल में ही सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है। बारिश की कमी के कारण 11 जिले रेड और 4 जिले यलो जोन में हैं। रोहतक, जींद, सिरसा में अब तक 100 मिलीमीटर भी बारिश नहीं हुई।

4 से 6 अगस्त तक ज्यादातर जिलों में बारिश के आसार

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि मानसून फिर से सक्रिय होने वाला है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से हरियाणा में मानसूनी हवाएं तेज होंगी। इसके असर से 4 से 6 अगस्त के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर अच्छी या तेज बारिश भी हो सकती है।

वहीं, 7 और 8 अगस्त को मौसम में कुछ बदलाव रहेगा। आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बादल बने रहने से दिन के तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जबकि रात का तापमान थोड़ा बढ़ सकता है।

अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट

3 अगस्त को राज्य में औसत अधिकतम तापमान में 0.3°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 37.6°C, सिरसा में 36.4°C और रोहतक में 35.9°C तापमान रहा।

आगामी 4 से 6 अगस्त तक बारिश और बादलों की आवाजाही के चलते राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिलेगी।

रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी

3 अगस्त को राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 23.0°C दर्ज किया गया (जो सामान्य से 3.3°C कम रहा)। वहीं, यमुनानगर में न्यूनतम तापमान 23.8°C रहा, जबकि भिवानी में रात का तापमान सबसे अधिक 29.6°C तक पहुंचा।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 7 और 8 अगस्त के दौरान बीच-बीच में बादलवाई रहने से रात के (न्यूनतम) तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।