- बेटे के सिर पर पिस्टल तान बैग उठाया, पंजाब से डिलीवरी देने आ रहे थे
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के यमुनानगर में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से दिनदहाड़े 3 करोड़ रुपए का सोना लूट लिया। व्यापारी पंजाब के अमृतसर से यमुनानगर में एक ज्वेलर को 2 किलो सोने के रॉ-मेटिरियल डिलीवर करने आ रहे थे।
भंभोली एरिया में बाइक पर आए बदमाशों ने व्यापारी की गाड़ी रुकवा बेटे के सिर पर पिस्टल लगा दी। व्यापारी ने जैसे ही विरोध किया, बदमाशों ने उसके पेट में चाकू मारकर गाड़ी में रखा बैग उठा लिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना छप्पर पुलिस, CIA-1 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। घायल व्यापारी जयपाल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पूरे एरिया की नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक सवार बदमाशों ने सुनसान रास्ते पर रोकी गाड़ी
अमृतसर निवासी गोल्ड कारोबारी जयपाल सिंह अपने बेटे इंद्रवीर के साथ शुक्रवार को यमुनानगर और जगाधरी के ज्वेलर्स को सोने की सप्लाई देने आते रहे थे। सबसे पहले उन्हें महलावाली में गोल्ड मेटीरियल सप्लाई करना था। जैसे ही वे पंचकूला-सहारनपुर हाईवे से खुंडेवाला-महलावाली की ओर खेतों के रास्ते पर पहुंचे, यहां बदमाशों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली।
जयपाल के अनुसार, दोनों बदमाश बाइक पर आए थे। चेहरे पर कपड़ा ढका हुआ था। उनके एक हाथ में पिस्टल थी, जबकि दूसरे के हाथ में चाकू भी था। बदमाशों ने आते ही कहा, जो भी सामान है निकाल दो।
विरोध किया तो पेट में मारा चाकू, बेटे के सिर पर तान दी पिस्टल
जयपाल सिंह ने बताया कि बदमाशों ने बेटे इंद्रवीर के सिर पर पिस्टल रख दी। इसके बाद गाड़ी से बैग उठाने लगे। मैंने इसका विरोध किया तो एक बदमाश ने मेरे पेट में चाकू मार दिया। एक के बाद एक कई वार किए। मुझे देखते ही बेटा घबरा गया और बदमाशों को बैग दे दिया।
जयपाल सिंह ने आगे बताया- बैग में करीब 2 किलो सोने का रॉ-मेटिरियल रखा था। इस मटेरियल से ही सोने की ज्वेलरी बनाई जाती है। बदमाश सोना लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद बेटे ने तुरंत डायल- 112 को इसकी सूचना दी।