June 1, 2026
1 june 12
  • पैट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमत और महंगाई का विरोध, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल में इंडियन नेशनल लोकदल की ओर से शहर में महाप्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के माध्यम से इनेलो नेताओं और कार्यकर्ताओं और पार्टी से जुड़ी महिलाओं ने पेट्रोल-डीजल, गैस की बढ़ती कीमतों और लगातार बढ़ रही महंगाई का विरोध किया। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए पिहोवा चौक पर मटके भी फोड़े। प्रदर्शन की अगुवाई इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने की।

सैकड़ों की संख्या में इनेलो कार्यकर्ता कैथल के जवाहर पार्क में इकट्‌ठे हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए पिहोवा चौक पर पहुंचे और मटके फोड़े। इसके बाद लघु सचिवालय तक रोष मार्च निकाला और पार्टी के प्रतिनिधि मंडल ने सरकार के नाम ज्ञापन भी प्रेषित किया। प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा-प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है।

पेट्रोल डीजल व गैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रोजमर्रा की खाद्य सामग्री के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार महंगाई पर कोई भी अंकुश नहीं लगा रही।

दो लाख की साइकिल फोटो खिंचवाने के लिए खरीदी

भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को कह रहे हैं कि पेट्रोल डीजल का कम से कम इस्तेमाल करें, लेकिन हरियाणा सरकार खुद साइकिलों पर चढ़ रही है और पीछे पीछे गाड़ियों के काफिले चल रहे हैं। नेताओं और मंत्रियों द्वारा दो दो लाख रुपए की साइकिल सिर्फ फोटो खिंचवाने के लिए खरीदी गई।

भाजपा मंत्रिमंडल विदेश यात्राएं कर रहा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि पेट्रोल डीजल न खरीदें, सोना न खरीदो, विदेश यात्रा न करो, लेकिन तब से ही प्रधानमंत्री समेत उनका तमाम मंत्रिमंडल विदेश यात्राएं कर रहा है। भाजपा सरकार में बैठे लोग सिर्फ लोगों के लिए नसीहत देते हैं और खुद पर लागू नहीं करते। उन्होंने कहा कि अगर जल्द महंगाई पर रोक नहीं लगाई, तो इनेलो प्रदेश में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।