May 30, 2026
30 may 2
  • एक्सीडेंटल डेथ पर ₹50 लाख मुआवजा, 17 मांगों पर सहमति

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में करीब एक महीने से चल रही ग्रामीण सफाईकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार रात समाप्त हो गई। पानीपत के PWD रेस्ट हाउस में सरकार और ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के बीच करीब 3 घंटे की मीटिंग हुई।

मंत्री कृष्णलाल पंवार और कृष्ण बेदी ने सफाईकर्मियों की 18 में से 17 मांगों को मान लिया, जिसके बाद यूनियन ने हड़ताल को तुरंत प्रभाव से वापस लेने का एलान कर दिया। मंत्री कृष्णलाल पंवार ने बताया कि कर्मचारियो को पक्का करने की सरकार समीक्षा करेगी। ये मामला हाईकोर्ट से जुड़ा है।

इसके साथ ही गांव में हर 400 आबादी पर एक सफाईकर्मी नियुक्त। ड्यूटी के दौरान एक्सीडेंट मौत पर 50 लाख रुपए का मुआवजा और पक्की नौकरी दी जाएगी।

प्रदेशभर के सफाईकर्मी परमानेंट नौकरी, वेतन बढ़ाने सहित कई मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इस दौरान कई जगहों पर हंगामा भी हुआ। शहरों में कचरे के ढेर लग गए। हिसार में स्वैट कमांडो की निगरानी में कूड़ा उठवाना पड़ा।

मंत्री बोले- पक्का करने की मांग की समीक्षा करेंगे

बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर यह वार्ता बेहद सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण रही। कर्मचारियों की मुख्य मांग थी कि 31 दिसंबर 2005 के हाईकोर्ट के आदेशानुसार सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को तुरंत पक्का किया जाए।

ये मामला हाई कोर्ट के एक फैसले से जुड़ा है, इसलिए सरकार इस कानूनी फैसले की गहनता से समीक्षा करेगी और जल्द ही इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस एक मांग को छोड़कर बाकी सभी 17 मांगों पर पूर्ण सहमति बन गई है।

इन प्रमुख मांगों पर बनी सहमति…

आबादी का नया पैमाना: अब प्रत्येक गांव में प्रति 400 व्यक्ति की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी नियुक्त किया जाएगा, जिससे काम का बोझ कम होगा और नए रोजगार मिलेंगे।
वर्दी के लिए भत्ता मिलेगा: मुख्यमंत्री द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन को तुरंत प्रभावी रूप से लागू करवाया जाएगा। इसके साथ ही कर्मचारियों का वर्दी भत्ता, धुलाई भत्ता और झाड़ू-कस्सी जैसे औजार खरीदने के भत्ते में बढ़ोतरी की जाएगी।
एक्स-ग्रेशिया पॉलिसी: सफाईकर्मियों के लिए एक्स-ग्रेशिया पॉलिसी लागू होगी। ड्यूटी के दौरान दुर्घटना में मौत होने पर मृतक के परिजनों को ₹50 लाख का मुआवजा और एक पक्की सरकारी नौकरी दी जाएगी। सामान्य मृत्यु पर भी आश्रित को नौकरी मिलेगी।
रिटायरमेंट पर लाभ: सेवाकाल पूरा होने के बाद सेवानिवृत्ति पर कर्मचारियों को एकमुश्त ₹10 लाख रुपए और ग्रेच्युटी का पूरा लाभ दिया जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारी भी रहे बैठक में मौजूद

कर्मचारियों के साथ इस उच्च स्तरीय बैठक में मंत्रियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव (APSC) यशपाल, पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) और विभाग के महानिदेशक (डायरेक्टर) सहित कई आला प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने मांगों के वित्तीय व कानूनी पहलुओं को तुरंत मंजूरी दी।