- अप्रैल में अभी तक 4 दिन बरसात, रात को ठंड महसूस हुई
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बुधवार को भी अधिकतर जिलों में मौसम खराब है। बादल छाए हुए हैं। यमुनानगर और जींद में सुबह तेज बारिश हुई। पंचकूला में बूंदाबांदी हुई। नारनौल और गुरुग्राम में रातभर रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ (IMD) ने आज जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में भी बूंदाबांदी की संभावना है।
मंगलवार को हिसार, गुरुग्राम, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल में रुक-रुककर बारिश हुई। रात को रेवाड़ी और नारनौल में ओले भी गिरे।
9 अप्रैल से मौसम साफ होगा
अप्रैल की महीने में अभी तक 4 दिन बारिश हो चुकी है। मंगलवार रात को ठंड महसूस हुई। विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यह बदलाव हो रहा है। 9 अप्रैल से मौसम पूरी तरह शुष्क होने लगेगा, जिससे तापमान में फिर से बढ़ोतरी शुरू होगी। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले 1-2 दिन तक खेतों में सिंचाई, कटाई और छिड़काव जैसे काम टाल दें, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
बादल छाने से रात्रि में तापमान बढ़ा
राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन करीब 2.6°C तक बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे रातें पहले की तुलना में थोड़ी कम ठंडी महसूस हुईं। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9°C सिरसा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि ज्यादातर जिलों में यह 17 से 20 डिग्री के बीच रहा। गुरुग्राम, हिसार और करनाल जैसे जिलों में भी रात का तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है।
बारिश से दिन का तापमान गिरा
अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पिछले दिन के मुकाबले औसतन 5.7°C तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन में गर्मी से काफी राहत मिली। तापमान सामान्य से करीब 8-9 डिग्री तक नीचे पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान 29.3°C पलवल में दर्ज किया गया, जबकि कई जिलों में यह 25-28 डिग्री के बीच रहा। रोहतक, हिसार और करनाल जैसे क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा।