- साइबर क्राइम अफसर बनकर लूटता था, 35 केस
- कुछ दिन पहले जेल से बाहर आया
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हिसार में CIA ने एनकाउंटर के बाद गैंगस्टर पवन उर्फ मूसा को दबोच दिया। मूसा के टांग में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक उस पर 35 केस दर्ज हैं। वह खुद को गुरुग्राम साइबर क्राइम का अफसर बना लूटता था। कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था।
बताया जा रहा है कि उसे चिट्टे के नशे की भी लत थी। शुक्रवार रात को वह नशे की ही तलाश में था। इसी दौरान घेराबंदी के दौरान मूसा व पुलिस टीम के बीच एनकाउंटर हुआ। पुलिस के मुताबिक मूसा ने पुलिस टीम देखते ही फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में पीएसआई नवीन कुमार बाल-बाल बचे। उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर चेस्ट साइड में एक गोली लगी।
इसके बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने बदमाश की ओर फायरिंग की, जिसमें एक गोली मूसा के पैर में लगी। पुलिस ने बदमाश को घायल हालत में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। DSP कर्मजीत ने बताया कि आरोपी के पास से एक .32 बोर की पिस्टल और कई कारतूस बरामद हुए हैं।
डीएसपी बोले- पुलिस सुरक्षा में चल रहा इलाज
डीएसपी कर्मजीत ने बताया कि सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि बदमाश पवन उर्फ मूसा पीरावली फ्लाइओवर के पास आ रहा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस पर फायर कर दिया।
जवाबी कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली बदमाश के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। उस पर 35 से अधिक केस दर्ज हैं। पुलिस सुरक्षा में सिविल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
नकली साइबर टीम बनाकर मेडिकल छात्र लूटे
पवन उर्फ मूसा ने साथियों संग मिलकर हिसार के सेक्टर-14 में 29 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे बीएएमएस डॉक्टरों से लूट की थी। उन्होंने खुद को गुरुग्राम साइबर क्राइम का अधिकारी बताया। डॉक्टरों को धमकाकर ढाई लाख रुपए बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करवा लिए थे।