February 14, 2026
14 feb 1
  • एग्जाम के बाद 5 दिन तक जमा कराने के निर्देश, SLC-DMC रोकने की चेतावनी

हरियाणा : ब्रे​किंग न्यूज : हरियाणा के राजकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी अगर अपनी टैबलेट जमा नहीं करवाते हैं, तो उनका रिजल्ट भी रोका जाएगा। विद्यार्थियों को परीक्षा की अंतिम तिथि से 5 दिन बाद तक जमा करवानी होगी। अन्यथा परिणाम रोका जाएगा। अगर रिजल्ट जारी हो जाता है, तो उन विद्यार्थियों के स्कूल द्वारा SLC, DMC व चरित्र प्रमाणपत्र जारी नहीं की जाएगी।

विद्यालय शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक (शैक्षणिक) ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखा है। जिसमें निर्देश दिए कि शैक्षणिक सत्र समाप्त होने पर ई-अधिगम के तहत कक्षा 10वीं, 11वीं तथा 12वीं के विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए हैं। इन विद्यार्थियों में कुछ विद्यार्थी सेकेंडरी/उच्च विद्यालयों (10वीं कक्षा तक के) में पढ़ रहे हैं, जिन्हें 10वीं के बाद वर्तमान विद्यालय से किसी अन्य विद्यालय में जाना ही है।

इसी तरह 12वीं में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी वार्षिक परीक्षा पास करने उपरांत विद्यालय छोड़कर चले जाएंगे। विद्यार्थियों को वितरित किए टैबलेट्स विभाग की संपत्ति है।

10वीं के विद्यार्थियों के लिए निर्देश

कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों (केवल राजकीय उच्च विद्यालय) द्वारा अपनी बोर्ड की परीक्षा के अंतिम दिन से पांच दिन के अंदर-अंदर विद्यालय में अपना टैबलेट, चार्जर तथा टैबलेट के साथ मिला सामान विद्यालय में जमा करवाना सुनिश्चित किया जाए। स्कूल मुखिया व संबंधित कक्षा प्रभारी टेलीफोन के माध्यम से विद्यार्थियों को टैबलेट वापिस करने के लिए सूचित करें। एसएमसी सुनिश्चित करें कि विद्यार्थी टैबलेट वापिस जमा करवाए।

चरित्र प्रमाण पत्र भी रोका जाएगा

10वीं के विद्यार्थियों के टैबलेट्स वापिस लेने उपरांत स्टॉक रजिस्टर (जो टैबलेट्स वितरित करते समय विद्यालय द्वारा पूर्व में बनाया गया है) में प्रविष्टि (एंट्री) की जाए। विद्यार्थी टैबलेट वापिस नहीं करेंगे (टैबलेट गुम होने की स्थिति को छोड़कर) उनका परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा रोक लिया जाएगा।

ऐसे विद्यार्थियों का परिणाम डिजी लोकर पर भी अपलोड नहीं किया जाएगा, यदि ऐसे विद्यार्थी का परिणाम घोषित हो जाता है, जिसने टैबलेट वापिस जमा नहीं करवाया, तो स्कूल प्रभारी ऐसे विद्यार्थी को SLC, DMC व चरित्र प्रमाणपत्र जारी न किया जाए।

CBSE के 10वीं के विद्यार्थियों के लिए लिए निर्देश

इसके अलावा कक्षा 10वीं (सभी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय/राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय/राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय/KGBV/आरोही/मेवात मॉडल) के विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा के अंतिम दिन से पांच दिन के अंदर-अंदर टैबलेट विद्यालय में वापिस जमा नहीं करवाते हैं, तो विद्यालय ऐसे विद्यार्थियों की सूची बनाएगा, जो विभाग द्वारा CBSE बोर्ड को उपलब्ध करवा दी जाएगी।

तदोपरान्त विभाग द्वारा CBSE बोर्ड से विद्यार्थियों का परिणाम रोकने व डिजी लॉकर पर DMC अपलोड न करने के लिए आग्रह किया जाएगा, जो विद्यार्थी अपने वर्तमान विद्यालय में ही कक्षा 11वीं में प्रोविजनल एडमिशन लेंगे/पढ़ाई जारी रखने के इच्छुक होंगे उनसे टैबलेट वापिस नहीं लिया जाएगा।

कक्षा 10वीं के विद्यालय जो CBSE से एफिलेटिड हैं, उनके विद्यार्थी 11वीं कक्षा में किसी अन्य विद्यालय में दाखिला लेने के इच्छुक हैं तो उनसे भी टैबलेट वापिस लिया जाएगा।

12वीं के विद्यार्थियों के लिए निर्देश

कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विद्यार्थी अपनी बोर्ड की परीक्षा समाप्ति के 5 दिन के अंदर विद्यालय में अपना टैबलेट, चार्जर तथा टैबलेट के साथ मिला सामान विद्यालय में जमा करवाए।

12वीं के विद्यार्थियों के टैबलेट्स वापिस लेने के बाद स्टॉक रजिस्टर (जो टैबलेट्स वितरित करते समय विद्यालय द्वारा पूर्व में बनाया गया है) में प्रविष्टि (एंट्री) की जानी है, जो विद्यार्थी टैबलेट वापिस नहीं करेंगे (टैबलेट गुम होने की स्थिति को छोड़कर) उनका परिणाम हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा रोक लिया जाएगा। ऐसे विद्यार्थियों का परिणाम डिजी लॉकर पर भी अपलोड न किया जाए।

यदि विद्यार्थी ऐसे विद्यालय में पढ़ रहे हैं जो CBSE से एफिलेटिड है तो CBSE बोर्ड परीक्षा के अंतिम दिन से 5 दिन के अंदर टैबलेट विद्यालय में वापिस जमा नहीं करवाते तो विद्यालय ऐसे विद्यार्थियों की सूची बनाएगा जो विभाग द्वारा CBSE बोर्ड को उप्लब्ध करवाई जाएगी। विभाग द्वारा CBSE से उक्त विद्यार्थियों का परिणाम रोकने व डिजी लॉकर पर DMC अपलोड न करने बारे आग्रह किया जाएगा।

यदि ऐसे विद्यार्थी का परिणाम घोषित हो जाता है, जिसने टैबलेट वापिस जमा नहीं करवाई, तो स्कूल प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे विद्यार्थी को SLC, DMC व चरित्र प्रमाण पत्र जारी न किए जाए।