- ग्रेजुएशन तक 1 ही क्लास में पढ़ीं, हमेशा टॉपर
- भाई 15 नौकरियां क्रैक कर चुका
हरियाणा : ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली जुड़वां बहनें पुष्पा और पूनम असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित हुई हैं। दोनों बहनें हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन (HPSC) की परीक्षा में टॉप-5 में रही हैं। इस परीक्षा में बड़ी बहन पुष्पा ने पहला और छोटी बहन पूनम ने पांचवां स्थान हासिल किया है। 26 साल की दोनों बेटियों की इस उपलब्धि पर परिवार बेहद खुश है।
खास बात यह है कि दोनों बहनें नर्सरी से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक एक ही क्लास में पढ़ी हैं। अब PHD के लिए दोनों बहनों को अलग-अलग यूनिवर्सिटी में जाना पड़ा। तीन सेकेंड बड़ी पुष्पा कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से गाइड डॉ. महासिंह पूनिया और पूनम महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी से डॉ. कृष्णा जून के अंडर PHD कर रही हैं।
खास बात यह भी है कि इनके भाई आशीष भी हमेशा पढ़ाई में अव्वल रहे हैं। उन्होंने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियों के एग्जाम पास किए। वर्तमान में वे जम्मू में IFS अधिकारी हैं।
इनके पिता हंसराज खीचड़ शिक्षा विभाग में असिस्टेंट ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर के पद पर हिसार में कार्यरत हैं। हंसराज ने बताया कि उन्होंने जी तोड़ मेहनत कर बच्चों को पढ़ाया है। सरकारी नौकरी लगने से पहले उन्होंने LIC के बीमे भी किए हैं। उनके पिता का बचपन में ही देहांत हो गया था। ऐसे में यहां तक पहुंचने की राह बेहद कठिन रही है।
नेट-जेआरएफ की परीक्षा में भी टॉपर रहीं
पिता हंसराज खीचड़ ने बताया कि बेटियां शुरू से ही होनहार रही हैं। मंडी आदमपुर के व्यापार मंडल विश्वास स्कूल से बेटियां पड़ी हैं। इसके बाद आदमपुर के एफजीएम कॉलेज से बीए और जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी दिल्ली से हिंदी में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है।
पिता ने बताया कि स्कूल टाइम में दोनों बेटियों ने भारत जानो प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर में प्रथम स्थान हासिल किया था। बारहवी कक्षा में पूनम पहले और पुष्पा स्कूल में तीसरे स्थान पर रही थी। इतना ही नहीं नेट-जेआरएफ परीक्षा में बड़ी बेटी पुष्पा ने 2025 में ऑल इंडिया में पहला स्थान और पूनम ने छठा स्थान हासिल किया था।
भाई ने 23 साल की उम्र में 15 नौकरियां की क्रैक
पिता हंसराज ने बताया कि दोनों बहनों के भाई आशीष बिश्नोई ने 2 बार यूपीएसई का एग्जाम पास किया है। वह अभी जम्मू में आईएफएस अधिकारी है। 23 साल की उम्र में आशीष ने 15 नौकरियां क्रैक की हैं। आशीष बिश्नोई असिस्टेट कमांडेंड, आईबी, भारतीय रेलवे टेक्नीकल पद, हरियाणा सब इंस्पेक्टर, एसएसई सीजीएल, सीडीएस की परीक्षा पास कर चुका है और एनडीए भी 5 क्लीयर कर चुका है। मगर किसी भी पद के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन नहीं करवाए।
पिता बोले- संयुक्त परिवार में रहे बच्चे
हंसराज ने बताया कि उनका गांव में संयुक्त परिवार हैं, उनके भतीजे भी उनके साथ रहते हैं। 2005 में मेरे भाई का निधन हो गया था। वे पांच भाई हैं और कुछ भाई अलग रहते हैं। एक भतीजा सियाराम बिश्नोई जेई के पद पर कार्यरत है और दूसरा सीताराम बिश्नोई भारतीय रेलवे में लोको पायलेट है। हंसराज ने बताया कि मेरी पत्नी सिलोचना सातवीं पास है, मगर बच्चों को आगे बढ़ने में उसका बहुत बड़ा योगदान रहा है।