
हरियाणा के यमुनानगर में PM नरेंद्र मोदी ने आज जिस 800 मेगावाट के नए थर्मल प्लांट का शिलान्यास किया, कभी प्रधानमंत्री ने ही इसे झारखंड में लगाने का आदेश दे दिया था।
ये बात जून 2023 की है, उस दिन दिल्ली में पावर प्लांट्स को लेकर PM मोदी की अध्यक्षता में बड़ी बैठक हुई।
बैठक में हरियाणा के पावर सेक्टर के तत्कालीन चेयरमैन पीके दास भी शामिल हुए। PM का आदेश मिला- “यमुनानगर का प्लांट झारखंड के पिटहेड में शिफ्ट किया जाए।”
अचानक आया यह आदेश हरियाणा सरकार के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि ये प्लांट हरियाणा के यमुनानगर में प्रस्तावित हुआ था।
हरियाणा सरकार यमुनानगर में प्लांट लगाने की पूरी तैयारी करके बैठी थी, इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया था। इसे लेकर सूबे में सियासी घमासान मच गया था।
विपक्षी दलों ने तत्कालीन BJP-JJP गठबंधन की सरकार पर जमकर हमला बोल दिया था। इसके बाद शुरू हुई प्रस्ताव को बचाने की कोशिश।