October 22, 2024

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण जय प्रकाश दलाल ने कहा कि अब पूरे हरियाणा में एक नंबर डॉयल करते ही कुछ ही देरी में पशु डॉक्टरी सुविधा उपलब्ध होगी। नंबर डॉयल करते ही डॉक्टर, दवाई और कंपाउंडर से लैस गाड़ी वहां पहुंचेगी और पशु चिकित्सा उपलब्ध करवाएगी। यह स्कीम जल्द ही लाँच की जाएगी। यह जानकारी उन्होंने सोमवार को शामगढ़ में स्थित आलू प्रौद्योगिकी केंद्र में आयोजित तृतीय आलू एक्सपो एवं कॉन्क्लेव-2024 के समापन पर कही।

कृषि एवं किसान कल्याण जेपी दलाल ने कहा कि यह खुशी का मौका है कि किसानों से मिलना हो रहा है। किसान परंपरागत खेती से हटकर आलू का बीज बनाकर बेच रहे हैं और नई-नई खेती की तकनीक अपना रहे हैं। हरियाणा के किसान की वजह से आज प्रदेश खेती में अग्रणी प्रदेशों में शामिल है।

किसानों के लिए हरियाणा सरकार गन्नौर में 550 एकड़ में अंतर्राष्ट्रीय स्तर की मंडी बनाने जा रही है। इस मंडी को अंतर्राष्ट्रीय मंड़ियों के हिसाब से डिजाइन किया गया है। किसान की आमदनी को बढ़ाना हमारा प्राथमिक लक्ष्य है। प्रदेश सरकार ने साढ़े 8 लाख पशुओं का बीमा किया है। किसानों को पशुपालन के लिए लोन दिया जा रहा है।

800 करोड़ से 3900 करोड़ हुआ कृषि बजट
कृषि एवं किसान कल्याण जय प्रकाश दलाल ने कहा कि हरियाणा सरकार निरंतर किसानों के लिए नई-नई योजनाएं ला रही है। वर्ष 2014 में कृषि बजट 800 करोड़ रुपये था जो अब 3900 करोड़ रुपये है। आज नैनो यूरिया का 100 रुपये में ड्रोन के माध्यम से छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेती को आसान बनाना उनकी प्राथमिकता है।

अब किसान तकनीक से खेती करने की ओर बढ़ रहा है। मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि आज किसानों को पद्म भूषण और पद्म श्री जैसे सम्मान मिल रहे हैं। पिछले दिनों भी हिसार में उप-राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दौरा किया तो किसानों को सम्मानित करवाया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसी व्यवस्था बना दी है कि 72 घंटे में किसान के खाते में फसल का पैसा आ रहा है, जो पहले आढ़ती के पास जाता था। जितना काम किसान के लिए अब हो रहा है, पहले कभी नहीं हुआ है।

किसानों के लिए निरंतर किए जा रहे कार्यः विधायक धर्मपाल गोंदर
नीलोखेड़ी के विधायक धर्मपाल गोंदर ने कहा कि मोदी और मनोहर सरकार के राज में निरंतर किसानों के लिए कार्य किए जा रहे हैं। सरकार द्वारा नई-नई तकनीक किसानों के लिए लाई जा रही है। इसके अतिरिक्त सब्सिडी की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि शामगढ़ का आलू प्रौद्योगिकी केंद्र लगातार क्षेत्र के किसानों के लिए अच्छी सुविधा उपलब्ध करवा रहा है। बड़ी संख्या में किसान आलू की खेती कर रहे हैं और आलू का बीज तैयार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *