October 22, 2024

चंडीगढ़/समृद्धि पराशर: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा ग्रामीण अंचल में नागरिकों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को जानने के लिए शुरू किए गया जन संवाद कार्यक्रम का पढ़ाव अब सिरसा जिले में पहुंच चुका है। 13 मई से 15 मई तक 3 दिवसीय सिरसा दौरे के दौरान मुख्यमंत्री लगभग 9 गांवों में जन संवाद कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करेंगे। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री इस दौरान विभिन्न बड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन व शिलान्यास कर जिलावासियों को मनोहर सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री 13 मई को गांव खैरेकां, बडागुढा व गांव कालांवाली के ग्रामीणों से संवाद करेंगे। 14 मई को गांव चोरमार खेड़ा, गांव डबवाली व अबूबशहर तथा 15 मई को गांव बणी, गांव संतनगर व गांव ओटू में जन संवाद कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री कहते हैं कि प्रदेश की पौने 3 करोड़ जनता उनका परिवार है और अपने परिवार के सदस्यों के बीच जाकर उनकी समस्याओं व शिकायतें सुनने के लिए जन संवाद कार्यक्रम की शुरुआत की है। सिरसा जिले में यह चौथा जन संवाद कार्यक्रम होगा। इससे पहले, भिवानी, पलवल और कुरुक्षेत्र जिलों के गांवों में जनसंवाद कार्यक्रम किए जा चुके हैं।

जन संवाद कार्यक्रम का धरातल पर दिख रहा सकारात्मक असर

जन संवाद कार्यक्रम का धरातल पर सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो रहा है और उनके द्वारा रखी गई मांगों को भी मुख्यमंत्री दिल खोल कर मंजूर कर रहे हैं। जन संवाद कार्यक्रम में पंचायती तरीके से लोगों से बात करने का मुख्यमंत्री का अंदाज ग्रामीणों को इतना अधिक प्रभावित कर रहा है कि जिस गांव में जन संवाद कार्यक्रम होता है, न केवल उसी गांव के लोग बल्कि अन्य गांवों तथा साथ लगते अन्य जिलों से भी लोग जन संवाद कार्यक्रम में आने लगे हैं।

जन संवाद पोर्टल से जनता की समस्याओं का रखा जाएगा ट्रैक

आम जन की शिकायतों व समस्याओं के निपटान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार एक पोर्टल विकसित किया गया है, जिस पर जनता द्वारा जनप्रतिनिधियों को लिखित में दी गई शिकायतों व मांगों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा। जन संवाद कार्यक्रम के तहत आने वाली समस्याओं एवं सुझावों को इस पोर्टल पर अपलोड कर पूरा लेखा जोखा रखा जाएगा। इतना ही नहीं, अब नागरिक सीधे ही इन समस्याओं को पोर्टल पर भेज सकते हैं। इस पोर्टल के माध्यम से अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की गई है, ताकि किसी भी समस्या के समाधान में अधिक समय न लगे। समस्याओं से संबंधित सभी प्रकार की जानकारी लोगों को एसएमएस के माध्यम से बताई जाएगी। नागरिकों को सुगमता से सेवाएं प्रदान करने के लिए सरकार द्वारा बेहतर मैकेनिज्म तैयार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *